बिसौली
Trending

बिसौली में संविधान दिवस पर गूंजा समानता, शिक्षा और भाईचारे का संदेश

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

बिसौली – संविधान दिवस की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, बिसौली में भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने संविधान के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा तथागत गौतम बुद्ध के बताए अष्टांगिक मार्ग (सम्यक मार्ग) पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए बौद्ध महाउपासक एवं बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. क्रांति कुमार ने कहा कि “संविधान का सम्मान ही देश का अभिमान है।” संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय दिलाने का मजबूत आधार है।

उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति के लिए तथागत गौतम बुद्ध के करुणा, मैत्री और प्रज्ञा के संदेश तथा बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के शिक्षा, संघर्ष और संगठन के विचारों को अपनाना बेहद जरूरी है। शिक्षा, समानता, भाईचारा और सामाजिक जागरूकता ही एक सशक्त, विकसित एवं समतामूलक समाज की आधारशिला हैं। डॉ. क्रांति कुमार ने कहा कि जब तक समाज का प्रत्येक वर्ग शिक्षित, जागरूक और अपने अधिकारों के प्रति सजग नहीं होगा, तब तक समतामूलक समाज की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती। उन्होंने उपस्थित लोगों से विशेष रूप से अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षित और जागरूक युवा पीढ़ी ही देश के उज्ज्वल भविष्य तथा सामाजिक परिवर्तन की असली ताकत है। गोष्ठी में उपस्थित वक्ताओं ने भी संविधान की मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने, सामाजिक भेदभाव मिटाने तथा आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर पूज्य भंते धम्मरत्न, राष्ट्रपाल, श्रवण लाल, मास्टर हरपाल, शैलेंद्र सिंह, ओमकार मानव, रघुवीर सागर, मास्टर भगवान दास, एवरन सिंह, भगवान सिंह, डॉ. गुच्छन इरफान, अमर सिंह, ठाकुर धीरेंद्र कुमार सिंह गौतम, हर्षवर्धन,हरीशचंद्र यादव ,प्रेमपाल प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रवण लाल ने की तथा सफल संचालन ओंकार मानव ने किया। विचार गोष्ठी का समापन संविधान के आदर्शों पर चलने और शिक्षित, समानतामूलक एवं जागरूक समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!