जनगणना-2027 की डीएम ने की समीक्षा, पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए तीन दिन का दिया समय!
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

सम्भल जिला की गुन्नौर तहसील सभागार गुन्नौर में आज जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल की अध्यक्षता में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने तथा फार्म-6 एवं अन्य प्रपत्रों के संबंध में तथा जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में तहसील गुन्नौर की 20 ग्राम पंचायतों के ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम पंचायत अधिकारी, पंचायत सहायक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कोटेदार, बीएलओ, लेखपाल एवं कानूनगो सहित पूर्ति निरीक्षक, खण्ड शिक्षा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं सीडीपीओ उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक, जिला विकास अधिकारी राम आशीष, उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी शिवि गर्ग एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) महेश कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संबंधित कार्मिक आगामी तीन दिनों तक पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ कार्य करें। इन 20 ग्राम पंचायतों में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। जिन युवाओं ने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है अथवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले हैं, उनके फार्म-6 भरवाकर बीएलओ को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि समय से आवेदन फीड किए जा सकें।
उन्होंने निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत मतदाता सूची एवं विधानसभा मतदाता सूची का आपस में मिलान कर दोनों के बीच अंतर का पता लगाया जाए तथा पात्र व्यक्तियों के नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 भरवाए जाएं। मृतक एवं अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। गांवों में नवविवाहिताओं के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए उनके फार्म-6 भरवाए जाएं। कोटेदार, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर इस कार्य को संतृप्तीकरण के आधार पर पूर्ण कराएं।
जिलाधिकारी ने जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित स्व-गणना अभियान को भी गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब भी कार्मिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए घर जाएं, उसी दौरान परिवार के सदस्यों को स्व-गणना के लिए भी जागरूक करें तथा निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं एवं अपने परिवार की स्व-गणना कराने के लिए प्रेरित करें। जिन परिवारों के कुछ सदस्यों के मतदाता पहचान पत्र बने हुए हैं और कुछ के बनने शेष हैं, वहां आवेदन के साथ पहले से मतदाता पहचान पत्र प्राप्त कर चुके सदस्यों के ईपीआईसी नंबर भी प्राप्त करें, ताकि कार्य में सुविधा रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को जनपद स्तर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही एवं खराब प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों, विशेषकर सबसे कम कार्य करने वाले बीएलओ के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी संबंधित कार्मिक प्रतिदिन कार्यों की रिपोर्टिंग करें तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों की गंभीरता को समझते हुए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करें। उन्होंने निर्देश दिए कि बिना उप जिलाधिकारी की अनुमति के किसी भी कार्मिक को अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन ग्राम पंचायतों में परिवार रजिस्टर की नकल उपलब्ध नहीं है, वहां इसे उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बीएलओ के सहयोग के लिए राजस्व टीम लगाई गई है। कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित उप जिलाधिकारी को अवगत कराएं। साथ ही सभी विभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्मिकों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्यों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराएं।
बैठक में धान एवं बाजरा के सत्यापन, फसल नुकसान तथा जनशिकायतों से संबंधित प्रकरणों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)


