दलित बस्ती का रास्ता खुलवाने को डीएनटी महासभा का ज्ञापन, 10 दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
बदायूँ / नागपुर से सचिन चौधरी की रिपोर्ट

बदायूं। थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम पंचायत खुखनिया जोजे के मजरा चतुरी नगला में दलित बस्ती के रास्ते पर कथित कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। डीएनटी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और वाल्मीकि समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंपकर रास्ता खुलवाने की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि दलित समाज की बस्ती के आवागमन मार्ग को कुछ दबंग लोगों द्वारा अवरुद्ध कर दिया गया है। पीड़ितों द्वारा तहसील समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस समेत विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका। आरोप है कि मामले में हल्का लेखपाल द्वारा वास्तविक स्थिति के विपरीत रास्ता खुला होने की रिपोर्ट भेज दी गई, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। प्रदेश अध्यक्ष रंजीत कुमार ने कहा कि रास्ता बंद होने से बस्ती के लोगों को दैनिक आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर तत्काल रास्ता खुलवाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की जाएगी तथा एसडीएम सहसवान से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा। डीएनटी महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि दस दिन के भीतर रास्ता खुलवाने की कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू करेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।



