वजीरगंज के वनकोटा में बनेगा बदायूं का सबसे बड़ा वृद्धा आश्रम
सहसवान से काशिफ अली खान की रिपोर्ट
संवाददाता काशिफ अली खान
बदायूं वजीरगंज बुजुर्गों को सहारा, सम्मान और सुरक्षित आश्रय देने की दिशा में बदायूं जिले में एक बड़ी पहल शुरू हो गई है। वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के गांव वनकोटा में बगला मुखी जन सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रस्तावित “अपना आश्रम” वृद्धा आश्रम का भव्य भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ट्रस्ट की ओर से इसे बदायूं का सबसे बड़ा वृद्धा आश्रम बनाने की योजना बताई गई है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव तथा अमर शहीद भगत सिंह के भतीजे किरणजीत सिंह ने पहुंचकर भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। भूमि पूजन के दौरान लोगों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
बुजुर्गों को मिलेगा सहारा और सम्मान
बगला मुखी जन सेवा ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि वृद्धा आश्रम का निर्माण उनीश पाल सिंह के नेतृत्व में कराया जा रहा है। आश्रम का उद्देश्य ऐसे बुजुर्गों को आश्रय और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिन्हें अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में देखभाल और सहारे की आवश्यकता है।
10 रुपये महीने में सदस्य बनने की पहल
वृद्धा आश्रम को जनसहयोग से संचालित करने के लिए ट्रस्ट द्वारा लोगों को सदस्य बनाने की पहल भी शुरू की गई है। बताया गया कि सिर्फ 10 रुपये प्रतिमाह के सहयोग से लोगों को आश्रम का सदस्य बनाया जा रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस सामाजिक कार्य से जोड़कर आश्रम की व्यवस्थाओं को मजबूत करना है।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
वनकोटा में आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि बुजुर्गों के लिए आश्रम का निर्माण समाज के लिए एक सराहनीय पहल है। कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट पदाधिकारियों ने आश्रम निर्माण और भविष्य में यहां उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को लेकर जानकारी साझा की।
वनकोटा में वृद्धा आश्रम की नींव रखे जाने के साथ ही क्षेत्र में एक नई सामाजिक पहल की शुरुआत हुई है। अब लोगों की नजर आश्रम के निर्माण कार्य और इसके जल्द संचालन पर टिकी है।


