दातागंज : सामाजिक समरसता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर में स्थित सिंह कोल्डस्टोरेज में एक भव्य सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
विधानसभा क्षेत्र से यादव समाज के भारी संख्या में लोग इस संगोष्ठी में शामिल हुए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह का उपस्थित जनसमूह ने पुष्पमाला पहनाकर और जोरदार स्वागत कर अभिनंदन किया। विधायक ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वरिष्ठजनों का स्वागत- सम्मान कर संगोष्ठी का शुभारंभ किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र पर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारों द्वारा चलाई जा रही योजनाएं किसी एक वर्ग विशेष के लिए नहीं हैं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के लिए बनाई गई हैं।
विधायक ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक एकजुटता तथा राष्ट्र निर्माण में यादव समाज की भूमिका हमेशा से सर्वोपरि रही है। भगवान श्री कृष्ण की नीतियों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर इस समाज ने देश की संस्कृति, कृषि और सीमाओं की रक्षा में अतुलनीय योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एक विधायक के नाते यादव समाज के हक, मान-सम्मान और विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे।
उन्होंने समाज से अपील की कि वह किसी भी प्रकार के राजनीतिक भ्रम, तुष्टिकरण और बहकावे से बचकर राष्ट्रवाद और विकास की मुख्यधारा से जुड़े। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने मध्य प्रदेश में यादव समाज के वरिष्ठ नेता डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाकर समाज को उचित सम्मान दिया है। साथ ही सरकार और संगठन में भी यादव समाज को पर्याप्त भागीदारी देकर उनके योगदान को सराहा है।
ब्लाक प्रमुख दातागंज अतेन्द्र विक्रम सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यादव समाज का गौरवशाली इतिहास वीरता, पुरुषार्थ और राष्ट्रभक्ति से भरा हुआ है। कृषि से लेकर सेना और राजनीति तक हर क्षेत्र में इस समाज ने देश को नेतृत्व प्रदान किया है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रदेश के विकास और तरक्की के लिए समाज को तीसरी बार प्रदेश में कमल खिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।
इस अवसर पर राजकुमार यादव जिला बौद्धिक प्रमुख आरएसएस, यज्ञपाल यादव मंडल महामंत्री नगर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य साधू सिंह यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुलदीप यादव, प्रधानगण सतीश यादव, कटरा सहादतगंज, रवेन्द्र यादव कालाकुंडा, राकेश यादव, रामवीर यादव, सत्यवीर यादव , विजयवीर यादव करनपुर, सुरेश यादव, वीरपाल सिंह यादव कलौरा, आर्येन्द्र यादव, पुष्पेन्द्र यादव,अभिलाख सिंह यादव, गिल्लन सिंह यादव मुड़ा, मास्टर रामावतार यादव, मास्टर अरब सिंह यादव, विजय यादव, गजेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में यादव समाज के बंधुगण उपस्थित रहे।



