जनपद में लगातार हो रही आफत की बारिश से धान की फसलें हुईं बर्बाद, किसानों को हुआ भारी नुकसान
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज (बदायूं)। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश किसानों के लिए आफत बन गई है। कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है। दातागंज क्षेत्र के गांव चिंजरी और किशनी में निचली भूमि पर बोई गई धान की फसल जलभराव की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट होने लगी है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गांव चिंजरी में निचले खेतों में बारिश का पानी कई दिनों से भरा हुआ है। पानी की निकासी नहीं होने के कारण धान की खड़ी फसल पानी में डूब गई। किसानों के अनुसार खेतों में लंबे समय तक पानी भरा रहने से धान की बालियां खराब होने लगी हैं और फसल के सड़ने की स्थिति बन गई है। गांव के किसान महेश यादव, ओमप्रकाश सहित अन्य किसानों की करीब 50 बीघा धान की फसल प्रभावित हुई है। किसानों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण अब फसल को बचा पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है।
किसानों ने बताया कि धान की फसल तैयार होने के समय बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। खेती में बीज, खाद, जुताई, रोपाई और सिंचाई समेत काफी खर्च हो चुका है। ऐसे में फसल नष्ट होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने प्रशासन से खेतों में जमा पानी की निकासी की व्यवस्था कराने तथा फसल का स्थलीय निरीक्षण कराकर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है।
इसी तरह गांव किशनी में भी निचली भूमि पर बोई गई धान की फसल जलभराव से प्रभावित हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहा तो अन्य खेतों में खड़ी फसल भी नुकसान की चपेट में आ सकती है।
किसानों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर फसलों का जायजा लेने और नियमानुसार नुकसान का सर्वे कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित किसानों को शासन स्तर से मिलने वाली सहायता का लाभ मिल सके।