मक्का का बकाया भुगतान मांगने पर मारपीट और धमकी का आरोप, रिपोर्ट दर्ज
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। मक्का का बकाया भुगतान मांगने पर मारपीट और धमकी का आरोप, रिपोर्ट दर्ज। थाना क्षेत्र के गांव उरैना गोटिया निवासी किसान श्रीपाल पुत्र मिश्रीलाल ने मक्का की फसल का बकाया भुगतान न करने और रकम मांगने पर मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
श्रीपाल के अनुसार, सितंबर 2025 में उसने अपनी मक्का की फसल बाकरपुर स्थित केजीएन ट्रेडिंग कंपनी के माध्यम से बिसौली निवासी यूसुफ और यूनुस पुत्र मोहम्मद उमर को बेची थी। आरोप है कि फसल की पूरी रकम का भुगतान नहीं किया गया। किसान लगातार बकाया रकम मांगता रहा। काफी दबाव के बाद करीब एक लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि शेष रकम बाद में देने की बात कही गई। किसान का आरोप है कि 20 जून 2026 को सुबह करीब 11 बजे यूसुफ और यूनुस ने उसे बाकरपुर स्थित फर्म पर बुलाया। वहां पहुंचने पर दोनों ने पांच-छह अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। बकाया रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मारपीट में किसान को चोटें आईं।
किसान श्रीपाल का आरोप है कि घटना के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई और उसका मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया। बाद में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। किसान ने बकाया रकम दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

