बिसौली में हीरो एजेंसी से आठ लाख की चोरी, दीवार काटकर नकब लगाकर अंदर घुसे चोर
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

बिसौली नगर के बिल्सी रोड स्थित हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर एजेंसी की पीछे की दीवार काटकर नकब लगाकर अंदर घुस गए और एजेंसी मालिक के मुताबिक करीब आठ लाख रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, चोरों ने एजेंसी में घुसने के बाद अंदर रखी अलमारियों के ताले तोड़ दिए। इसके बाद काउंटरों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी निकाल ली। चोरों ने पूरी एजेंसी को खंगाल डाला और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
एजेंसी मालिक ने बताया कि वह बदायूं नगर के निवासी हैं और बिसौली नगर के बिल्सी रोड पर हीरो मोटरसाइकिल की एजेंसी संचालित करते हैं। बीती रात हुई चोरी की घटना से एजेंसी में नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। अब पुलिस के सामने अज्ञात चोरों का पता लगाने और चोरी की वारदात का खुलासा करने की चुनौती है।


