बिसौली क्षेत्र के गांव खेड़ा दास में बोरिंग से निकला डीजल जैसी गंध वाला तरल, गांव में मचा हड़कंप
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली – बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा क्षेत्र के खेडादास गांव में एक साधारण समरसेबल बोरिंग अचानक रहस्य का केंद्र बन गई, जब उसमें से पानी की जगह डीजल जैसी तेज गंध वाला तरल निकलने लगा। इस अनोखी घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामला गांव निवासी अतुल ठाकुर के घर का बताया जा रहा है, जहां पेयजल के लिए बोरिंग कराई जा रही थी। शुरुआत में पानी कम मिलने पर बोरिंग को और गहरा किया गया। लगभग 70 से 80 फीट की गहराई पर पहुंचते ही अचानक एक अलग तरह का तरल निकलने लगा, जिसकी गंध डीजल जैसी बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस तरल में सिर्फ तेज गंध ही नहीं बल्कि झाग भी बन रहा है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग इसे लेकर हैरानी जता रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी विशेषज्ञ या प्रशासनिक जांच की पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस रहस्यमयी तरल की जांच कराकर इसकी सच्चाई सामने लाई जाए


