बिसौली

ड्यूटी से लौट रहे बाईक सवार दरोगा व सिपाही को निजरा मोड़ के पास कार ने मारी टक्कर,,, हादसे में दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

 

बिसौली-बिल्सी रोड पर निजरा मोड़ के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने पुलिस की  बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एसआई देवराज और कांस्टेबल अमित गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों घायलों को आनन-फानन में नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एसआई देवराज की हालत चिंताजनक देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं कांस्टेबल अमित का उपचार निजी अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार, कोतवाली प्रभारी कमलेश मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान और उसकी तलाश के लिए विशेष टीम लगाई गई है।

इस हादसे की खबर से पुलिस विभाग में चिंता का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के संबंध में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!