बदायूं
Trending

19 जून को हररामपुर में ग्राम चौपाल लगाकर बाढ़ के समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति बनाएगी कांग्रेस

 

बदायूँ। 18 जून। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने दातागंज तहसील के हजरतपुर क्षेत्र के हर साल बाढ़ से प्रभावित होने वाले ग्रामों में जनसंवाद किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।ग्रामीणों ने एक सुर में कहा कि बाढ़ का स्थाई समाधान होना चाहिए। बाढ़ के स्थाई समाधान को आंदोलन की रणनीति बनाने को 19 जून को कांग्रेस हररामपुर गांव में ग्राम चौपाल लगाएगी।
गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दातागंज तहसील के हजरतपुर क्षेत्र के हर साल बाढ़ से प्रभावित होने वाले ग्रामों में जनसंवाद किया । ग्रामीणों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव को बताया कि रामगंगा पर हजरतपुर हररामपुर पुल बना है जो हजरतपुर को हररामपुर होकर गढ़िया रंगीन से जोड़ता है।बरसात होने पर बाढ़ के चलते हर साल चार महीने यह सड़क मार्ग बंद हो जाता है। जिससे हररामपुर, मौजमपुर , शेरपुर , नवादा , गढ़िया पैग़म्बरपुर, लालपुर, गौंटिया , कुढ़रा मझरा समेत दर्जनों ग्रामों का बदायूँ से संपर्क कट जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि इन दर्जनों ग्रामों में खेतों में भी बाढ़ का पानी भर जाता है और साल में केवल एक फसल गेहूं की ही हो पाती है। जिससे क्षेत्र के किसानों जिंदगी बदहाल हो गई है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने हर साल रामगंगा के पानी से हजरतपुर क्षेत्र के दर्जनों ग्रामों के खेतों की फसलें चौपट हो जाने और संपर्क मार्ग डूब जाने को सरकार और प्रशासन की विफलता करार दिया। उन्होंने कहा कि हजरतपुर हररामपुर क्षेत्र में बाढ़ का स्थाई समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दस साल से भाजपा की डबल इंजन की सरकार बाढ़ प्रभावित दर्जनों ग्रामों के लाखों लोगों की समस्या का समाधान करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि बाढ़ का स्थाई समाधान हुए बिना इस क्षेत्र के लोगों का विकास संभव नहीं है।
उन्होंने ऐलान किया कि 19 जून को हर साल बाढ़ से प्रभावित होने वाले ग्राम हररामपुर में ग्राम चौपाल लगाकर बाढ़ के स्थाई समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।कहा कि कांग्रेस इस क्षेत्र के ग्रामीणों की बाढ़ की समस्या का स्थाई समाधान कराकर ही दम लेगी।
जनसंवाद के दौरान हजरतपुर, हररामपुर, मौजमपुर , शेरपुर , नवादा समेत कई ग्रामों में ग्रामीणों के साथ कांग्रेसियों ने संवाद किया।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव के साथ कांग्रेस जिला सचिव मंजेश यादव, दातागंज कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष बिजनेश यादव , यूथ कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष विजय बहादुर, यूथ फॉर इंडिया के जिला कोऑर्डिनेटर ओमवीर दद्दा,ओमप्रकाश , इंद्रपाल राठौर , अनिल , मुनेंद्र ,सुरेंद्र सिंह समेत दर्जनों कांग्रेसी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!