बिसौली क्षेत्र के सुजानपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, बच्ची समेत चार लोग हुए घायल
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

बिसौली – सोमवार को बिसौली कोतवाली क्षेत्र के सुजानपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने दूसरे पक्ष पर फावड़े, चाकू और भाला समेत धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में एक बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पक्ष के अनुसार, जमीन की ठियाबंदी हो चुकी थी। सोमवार को एसडीएम बिसौली के आदेश पर नायब तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल गांव पहुंचा था। टीम ने ठियाबंदी कराने के बाद खेत में ठिया लगा दिए, जिसके बाद पीड़ित पक्ष ने अपने खेत की जुताई भी कर दी। आरोप है कि राजस्व विभाग और पुलिस टीम के वापस लौटने के बाद पीड़ित पक्ष के लोग घर जा रहे थे। तभी रास्ते में सोमवार को 5 बजे करीब विपक्षी पक्ष के करीब आधा दर्जन लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एक बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली में भर्ती कराया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने घायलों को जिला अस्पताल रेफर करने की बात कही है।



