बदायूँ में 10 व 11 जुलाई को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय रहेंगे बंद
संवाददाता: शिशुपाल सागर, बिसौली (बदायूँ)
बदायूँ। मौसम विभाग द्वारा जनपद में बिजली गिरने एवं तेज बारिश की संभावना के मद्देनज़र जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, बदायूँ ने कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों में 10 एवं 11 जुलाई 2026 का अवकाश घोषित किया है।
जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह निर्णय बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी की अनुमति के बाद लिया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि 12 जुलाई 2026 को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए विद्यालय खुले रहेंगे। विद्यालयों को 11 जुलाई को पौधे प्राप्त कर सुरक्षित रखने तथा 12 जुलाई को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की सहभागिता से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।


