पूर्व सैनिक गार्ड हत्याकांड में चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई।
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

उझानी (बदायूं), पूर्व सैनिक सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार की पीट-पीटकर हत्या के मामले में उझानी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। राकेश कुमार की मौत के बाद आक्रोशित पूर्व सैनिकों ने शनिवार को अंबेडकर चौराहे पर महाजाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई थी। उन्होंने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और सुरक्षा देने की मांग की थी। सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज पाठक ने गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन को लखनऊ तक ले जाने की चेतावनी दी थी। इसी बीच पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चार डंडे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 19 नवंबर की रात मंडी सचल दल मिर्च लदे वाहन संख्या UP24AT8308 की चेकिंग कर रहा था। इसी दौरान मंडी सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार ने वाहन के कागजात मांगे तो विवाद हो गया। आरोप है कि वाहन चालक ने फोन करके अपने छह साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने राकेश कुमार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उनका सिर गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें उपचार के लिए बरेली मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां 21 नवंबर की रात 11:31 बजे उनकी मौत हो गई।
मंडी समिति सचिव रिंकू लाल कश्यप की तहरीर पर 20 नवंबर को थाना उझानी में अज्ञात वाहन चालक और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। राकेश कुमार की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धारा 103(1)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी कर दी।
अंबेडकर चौराहे पर लगाया था जाम
राकेश कुमार की मौत से आक्रोशित पूर्व सैनिक शनिवार को अंबेडकर चौराहे पर एकत्र हुए और जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के कई दिन बीतने के बावजूद किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सूचना पर सीओ उझानी राहुल पांडेय मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, लेकिन पूर्व सैनिक तत्काल कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
सैनिक संगठन के जिलाध्यक्ष मनोज पाठक ने कहा कि यदि सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूर्व सैनिक सड़क से लेकर लखनऊ तक आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा, सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की मांग भी उठाई।
गौशाला के पास से चार आरोपी दबोचे
एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ उझानी राहुल पांडेय के पर्यवेक्षण में पुलिस ने 22 नवंबर को दोपहर गौशाला के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रतिराम और पिन्टू उर्फ नरेंद्र निवासी नगला सलार थाना मुजरिया, शिवम निवासी नगरिया हरदास थाना अलापुर, हाल निवासी बालाजीपुरम उझानी तथा धनपाल निवासी ग्राम कुड़ानरसिंहपुर थाना उझानी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल चार डंडे बरामद किए। इसके अलावा होंडा सीबीजेड मोटरसाइकिल संख्या UP24N9980 भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी रतिराम के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



