बिसौली क्षेत्र के गांव हर्रायपुर के लाल प्रदीप सिंह ने नीट परीक्षा में फहराया परचम, बढ़ाया बदायूं का मान
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
जनपद बदायूं की बिसौली तहसील क्षेत्र के हर्रायपुर गांव के होनहार छात्र प्रदीप सिंह ने NEET 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रदीप सिंह के पिता राना सिंह यादव भारतीय थल सेना में तैनात हैं। पिता के देश सेवा के दायित्वों के बीच प्रदीप ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह सफलता अर्जित की। उनकी उपलब्धि से गांव हर्रायपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्रदीप ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने एक वर्ष तक राजस्थान के कोटा में रहकर NEET की तैयारी की, जबकि एक वर्ष घर पर रहकर स्वं अध्ययन किया। तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक पढ़ाई करते थे। उनका कहना है कि नियमित अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी रहे। प्रदीप की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें फूलों की मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गांव के लोगों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व जताया और इसे पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। प्रदीप ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया। उनका सपना एक सफल डॉक्टर बनकर समाज और देश की सेवा करना है। उनकी यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम और सही दिशा में की गई तैयारी से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।



