बिसौली ‘गौ माता सम्मान अभियान’ के तहत निकली भव्य जागरूकता रैली, गोवंश को राष्ट्र माता का दर्जा देने की उठी मांग
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली – पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर में सोमवार को ‘गौ माता सम्मान अभियान’ के तहत एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों में गोवंश के प्रति सम्मान और संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाना रहा।
रैली के माध्यम से भारतीय देशी गोवंश को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने और गौ सुरक्षा को मजबूत करने की मांग उठाई गई। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम बिसौली को सौंपा गया। इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार में शिक्षा मंत्री गुलाब देवी भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद रहीं और उन्होंने रैली में शामिल होकर अभियान का समर्थन किया। हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के पदाधिकारियों ने मांग की कि देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और गौ तस्करी को गैर-जमानती अपराध घोषित किया जाए। साथ ही केंद्र सरकार से ‘केंद्रीय गौ सेवा संरक्षण अधिनियम’ लागू करने की मांग भी उठाई गई।
रैली में शामिल लोगों ने ग्राम पंचायत स्तर पर नंदी शाला स्थापित करने की भी मांग की, ताकि बेसहारा गोवंश की देखभाल सुनिश्चित की जा सके।


