बदायूँ: जिलाधिकारी अवनीश राय ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ संयुक्त रूप से कांवड़ यात्रा-2026 के लिए की गई तैयारियों के सम्बंध में शुक्रवार को कछला घाट पर नाव द्वारा निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें, जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि घाट पर पर्याप्त लाइट जैकेट, पब्लिक एडेªस सिस्टम, जल भरने की उचित व्यवस्था, गोताखोरों की पर्याप्त व्यवस्था रहे।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जनपद में सेक्टर व जोन बनाते हुए वहां मजिस्ट्रेट/अधिकारी नामित किए गए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान प्रकाश की बेहतर व्यवस्था दुरुस्त रहे तथा सीसीटीवी से निरन्तर निगरानी की जाती रहे। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा अथवा आपात स्थिति में त्वरित सहायता एवं प्रभावी समन्वय के लिए कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित आईसीसीसी कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05832-266049, 05832-266050, 05832-266052 एवं 05832-266054 तथा मोबाइल नंबर 7505389289 एवं 7505395940 जारी किए गए हैं। इसी प्रकार पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454402956 एवं 9454417440 पर भी किसी भी प्रकार की सूचना अथवा सहायता प्राप्त की जा सकती है। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।