उसहैत
Trending

गौशाला में जहरीली रोटी खिलाकर गाय की मौत का आरोप, आरोपी को पकड़कर छोड़ने पर प्रधानों में आक्रोश

दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

 

 

 

 

संवाददाता हुकुम सिंह

 

उसावां : थाना उसावां क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरौरी की गौशाला में एक गाय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। ग्राम प्रधान आदेश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच गांव निवासी अंकित यादव दीवार फांदकर गौशाला में घुसा और जहरीली रोटी खिलाकर एक गाय को मार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रधान का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार गौशाला की दीवार फांदकर अंदर घुस चुका है तथा गौसेवकों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज कर चुका है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद थाना उसावां पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन कुछ देर बाद बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिए जाने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक म्याऊं क्षेत्र के करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों ने नाराजगी जताई और दोषी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की मांग की। मामले में पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर ज्ञानवीर सिंह ने मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया। साथ ही विसरा (सैंपल) जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम एवं विसरा रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में रोष बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!