ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकलने से किशोर की दर्दनाक मौत
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
बदायूं। उसावा थाना क्षेत्र के ग्राम शंकरपुर के समीप सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली का पहिया निकल जाने से ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में ट्रॉली के नीचे दबकर एक किशोर की मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उसावा कस्बे का बाजार कर कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव कलक्टरगंज लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली जब ग्राम शंकरपुर के समीप पहुंची, तभी अचानक ट्रॉली का एक पहिया निकल गया। पहिया निकलते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर झटके से पलट गई और उसमें सवार लोग नीचे गिर पड़े। इसी दौरान ट्रॉली में सवार दो लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और काफी मशक्कत के बाद दबे लोगों को बाहर निकाला गया। लेकिन तब तक नेम सिंह पुत्र वीरपाल निवासी ग्राम कलक्टरगंज की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं हादसे में घायल हुए एक बुजुर्ग को उपचार के लिए भेजा गया। उनकी हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं।
घटना की सूचना पर उसावा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई की।
युवक की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
