वजीरगंज के रोटा गांव के तिराहे के पास एक व्यक्ति को कुछ लोगों ने मारी गोली, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिसl
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूं / सोमवार को वजीरगंज क्षेत्र के गांव रोटा में एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया। जहां अगरपाल पुत्र नेकराम (45 वर्ष) निवासी रोटा को कल्लू व अभिषेक पुत्रगण रामवीर निवासी मोहल्ला नेकपुर, थाना सिविल लाइंस, बदायूं तथा उनके अन्य साथियों ने दाहिने पैर में गोली मार दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर पहले से विवाद होना सामने आया है। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ने पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिससे अगरपाल घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

