बदायूं
Trending

जनपद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत 691 जोड़े हुए एक दूजे के किसी ने लिए फेरे तो किसी ने कहा निकाह कबूल है

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

 

बदायूँ:  सेवा संकल्प अभियान के अन्तर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत विवाह समारोह का आयोजन हाफिज सिद्दीक इस्लामिया इंटर कॉलेज बदायूं एवं विकास खण्ड अम्बियापुर में शुक्रवार को किया गया। बदायूँ में आयोजित कार्यक्रम मे 408 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए एवं मुस्लिम 21 जोड़ों का निकाह हुआ, इस प्रकार कुल 429 का विवाह सम्पन्न हुआ वहीं बिल्सी में आयोजित कार्यक्रम में 255 हिंदू जोड़ों ने फेरे लिए एवं मुस्लिम 07 जोड़ों का निकाह हुआ, इस प्रकार जनपद में कुल 691 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। सरकार द्वारा एक लाख रुपये की धनराशि का लाभ इस योजना अन्तर्गत नवविवाहित जोड़ों को दिया जाता है, जिसमें 21000 रुपए की उपहार सामग्री होती है, 15000 रुपए प्रति जोड़ा आयोजन में व्यय होता है और शेष 64000 रुपए की धनराशि बधु के खाते में पहंुचती है।

शुक्रवार को दोनों स्थानों पर आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत विवाह समारोह के मुख्य अथिति राज्यमंत्री, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण एवं सामाजिक न्याय, अधिकारिता, भारत सरकार  बी0एल0 वर्मा रहे।

मुख्य अथिति ने कहा कि आज का यह सामूहिक विवाह समारोह केवल विवाह का आयोजन नहीं है, बल्कि यह अनेक परिवारों के सपनों, खुशियों और नई उम्मीदों का उत्सव है। आज यहां बैठे इन माता-पिता के चेहरों पर जो खुशी दिखाई दे रही है, वह अपने आप में बहुत कुछ कहती है। एक समय था जब गरीब परिवार में बेटी का जन्म होते ही माता-पिता उसकी पढ़ाई और फिर उसके विवाह की चिंता करने लगते थे। बेटी बड़ी होती जाती थी और उसके भविष्य की चिंता भी बढ़ती जाती थी। कई माता-पिता इसी चिंता के बोझ में समय से पहले ही बूढ़े नजर आने लगते थे। लेकिन आज तस्वीर बदल रही है। आज बेटी के विवाह के इस पवित्र अवसर पर माता-पिता के चेहरे पर चिंता नहीं, बल्कि खुशी और संतोष दिखाई दे रहा है। क्योंकि अब जरूरतमंद परिवार खुद को अकेला महसूस नहीं करते। सरकार ने उनका हाथ थामने का काम किया है। मैं आज विवाह के बंधन में बंधने जा रहे सभी नवविवाहित जोड़ों को हृदय से बधाई देता हूं। ईश्वर से कामना है कि आपके वैवाहिक जीवन में प्रेम, विश्वास, आपसी सम्मान और खुशियां हमेशा बनी रहें।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वह जीवन के नए अध्याय में प्रवेश कर रहे हैं, ईश्वर की कृपा सभी पर बनी रहेगी। आप सभी ने देखा होगा अक्सर शादियों में जनप्रतिनिधि व अधिकारी एक साथ नहीं आ पाते, लेकिन यह एक ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें जनप्रतिनिधि भी हैं और अधिकारी भी हैं। आज से आपका प्रवेश जीवन के नए अध्याय में हो रहा है, कैसी परिस्थितियां हो, यह संकल्प लेकर जाओ कि आज जिसका हाथ थामा है उसका साथ जीवन भर निभाना है। इस लिए आपको पुनः शुभकामनाएं और मुख्यमंत्री जी को बधाई।

विधान सभा सदर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक महेेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि जितने भी लोगों का आज विवाह सम्पन्न हुआ है, मेरी शुभकामनाएं है कि हरिबोल महाराज की इन सभी पर कृपा बनी रहें। मैं बेटियों से कहना चाहुंगा कि अपने ससुराल में सबका मान रखना और अपने परिवार से बढ़कर उनका ख्याल रखना वहीं बेटे भी समझलें कि अपने जीवनसाथी के अलावा उनके मायके वालों को भी बरावर का सम्मान देना है, क्योंकि अच्छा सोचो अच्छा होगा आज नहीं तो कल होगा।

विधानसभा बिल्सी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि आज का यह अवसर हम सभी के लिए अत्यंत खुशी और हर्ष का अवसर है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से आज अनेक नवविवाहित जोड़े अपने जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। सभी नवविवाहित दंपतियों को हार्दिक बधाई एवं सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं, साथ ही आज जिन परिवारों ने इस योजना के माध्यम से अपने बच्चों का विवाह संपन्न कराया है, उन्हें मैं पुनः बधाई देता हूं। मेरी कामना है कि सभी नवविवाहित दंपतियों का जीवन प्रेम, विश्वास, समृद्धि और खुशियों से भरा रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रतीकात्मक रूप से कुछ जोड़ों के लिए विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री का वितरण किया गया। सभी अतिथिगण एवं जिले के आला अधिकारियों द्वारा नव विवाहित जोड़ों के ऊपर पुष्प वर्षा करके ईश्वर से प्रार्थना की गई कि इनका गृहस्थ जीवन सुखमय हो।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी मीनाक्षी वर्मा सहित संबंधित खंड विकास अधिकारी तथा एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक, दीपमाला गोयल आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

—-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!