संभल
Trending

सम्भल में बस अड्डा और डिपो निर्माण कार्य में तेजी, आरटीआई कार्यकर्ता सैयद गुलज़ार अहमद हाशमी के प्रयासों का दिखा असर! 

सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

 

 

सम्भल: जनपद सम्भल में पिछले कई वर्षों से अटके पड़े बस स्टेशन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय और डिपो कार्यशाला के निर्माण कार्यों को अब आखिरकार रफ्तार मिल गई है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता सैयद गुलज़ार अहमद हाशमी द्वारा लगातार सूचना के अधिकार, जनसुनवाई,मुख्यमंत्री कार्यालय और राज्य सचिवालय स्तर तक की गई प्रभावी शिकायतों के बाद शासन और संबंधित निर्माण एजेंसियों पर भारी प्रशासनिक दबाव बना है। इसी दबाव का नतीजा है कि सी०एंड डी०एस० उ०प्र० जल निगम (यूनिट-18) के परियोजना प्रबंधक तथा उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (इकाई-1) के इकाई प्रभारी, सहायक अभियंता (सिविल) व लेखाकार को इन परियोजनाओं की आधिकारिक भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट जारी करनी पड़ी है। जारी ताजा आधिकारिक रिपोर्टों के मुताबिक सम्भल में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय और सारथी कक्ष के मुख्य भवन, विद्युत कक्ष, मुख्य द्वार और चारदीवारी का फिनिशिंग कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। और इसके लिए शासन से अतिरिक्त बजट भी स्वीकृत कराया जा चुका है। वहीं दूसरी ओर, वर्षों से भूमि विवाद और प्रशासनिक देरी के कारण लटके पड़े जिला मुख्यालय के बस स्टेशन निर्माण कार्य को भी अब युद्धस्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है, जहां मुख्य भवन की फिनिशिंग, प्लास्टर और जल निकासी व्यवस्था का काम तेजी से चल रहा है। इसके अलावा डिपो कार्यशाला, प्रशासनिक भवन और भंडार कक्ष के निर्माण में नींव और आ .सी.सी. कॉलम-बीम का कार्य प्रगति पर है।

मामले पर अपना बयान जारी करते हुए सैयद गुलज़ार अहमद हाशमी ने कहा:

आज़ादी के 7 दशक बीत जाने के बाद सम्भल की जनता को जो अपना भव्य रोडवेज बस स्टेशन और डिपो मिल रहा है, वह उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की मजबूत इच्छाशक्ति और जनहितैषी नीतियों के कारण ही संभव हो पाया है। हम प्रदेश की योगी सरकार की भूरि-भूरि सराहना करते हैं और हृदय से शुक्रगुज़ार हैं कि उन्होंने सम्भल के विकास को प्राथमिकता देते हुए भारी-भरकम बजट स्वीकृत किया और इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं को धरातल पर उतारा। सालों से फाइलों में अटकी इस मांग को पूरा कराकर सरकार ने सम्भल की जनता को ऐतिहासिक सौगात दी है। हमारी आरटीआई और सचिवालय स्तर पर की गई शिकायतों के बाद जब अधिकारियों की नींद टूटी, तो शासन के सहयोग से कार्य में यह अभूतपूर्व तेजी आई है। अब जल्द ही सम्भल को अपना आधुनिक रोडवेज बस स्टेशन और डिपो मिलेगा, जिससे क्षेत्र की जनता की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा और सम्भल के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी।

सैयद गुलज़ार अहमद हाशमी के इन निरंतर प्रयासों और प्रशासनिक अनुश्रवण को सम्भल की जनता के हित में एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे संबंधित अधिकारियों पर समय सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने की सख्त जवाबदेही तय हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!