सम्भल में जन गणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण के तृतीय स्लॉट का शुभारम्भ, 39 बैचों में 1746 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक होंगे प्रशिक्षित!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

सम्भल जिला मुख्यालय बहजोई में 02 नवम्बर, 2026
भारत की जनगणना -2027 के द्वितीय चरण के अन्तर्गत जिला सम्भल में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के तृतीय स्लॉट का आज शुभारम्भ हुआ। इस स्लॉट में कुल 1746 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक 39 बैचों के माध्यम से जनपद के 09 प्रशिक्षण स्थलों पर प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों एवं चार्ज अधिकारियों ने विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्मिकों को प्रशिक्षण में पूर्ण समय उपस्थित रहकर जनगणना संबंधी प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं की गहन जानकारी प्राप्त करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अन्तर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवम्बर, 2026 तक तथा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य 01 दिसम्बर, 2026 से 04 जनवरी, 2027 तक सम्पन्न कराया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को जनगणना की प्रक्रिया से भली-भांति परिचित कराते हुए जनगणना कार्य को सुचारु, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराना है।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)

