दातागंज : ब्रह्मदेव मंदिर के ऐतिहासिक मेले का विधायक बब्बू भैया ने किया शुभारंभ
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट


संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पापड़ हमजापुर स्थित ऐतिहासिक ब्रह्मदेव मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष लगने वाले भव्य मेले का भाजपा विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान पूर्व दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हीरालाल कश्यप एवं मंदिर के महंत परमात्मा दास महाराज भी मौजूद रहे।
मेले के शुभारंभ के अवसर पर मंदिर परिसर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मेले को लेकर क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक बब्बू भैया ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेले हमारी प्राचीन परंपराओं और लोक आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है। ऐतिहासिक ब्रह्मदेव मंदिर हमारी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसकी परंपराओं को संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले पारंपरिक मेले हमारी लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं और लोगों को आपस में जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस मौके पर ग्राम प्रधान सौरभ कश्यप सहित भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
संवाददाता: हुकुम सिंह


