बदायूँ पुलिस का सराहनीय कार्य,, 5 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को सकुशल परिजनों से मिलाया
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

बदायूँ। थाना उझानी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए कस्बा उझानी के अयोध्यागंज मोहल्ले से गुम हुई पांच वर्षीय बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 11 नवंबर 2026 को संजीव कुमार पुत्र हरपाल सिंह निवासी ग्राम बिहार हरचंदपुर, थाना उझानी, जनपद बदायूँ अपनी लगभग पांच वर्षीय पुत्री दिशा को दवा दिलाने के लिए कस्बा उझानी के मोहल्ला अयोध्यागंज आए थे। इसी दौरान दवा लेते समय उनकी पुत्री दिशा अचानक कहीं गुम हो गई।
बच्ची के गुम होने की सूचना मिलने पर कस्बे में भ्रमणशील चीता मोबाइल पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को तलाश कर लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी बच्ची को थाना उझानी लेकर पहुंचे, जहां महिला हेल्प डेस्क पर महिला कांस्टेबल 2377 तनु धामा की निगरानी में बच्ची को सुरक्षित बैठाया गया।
कुछ ही देर बाद बच्ची के पिता संजीव कुमार थाना उझानी पहुंचे और अपनी पुत्री दिशा की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
सराहनीय पुलिस टीम:
* कांस्टेबल 3071 शैलेष चौधरी, थाना उझानी।
* कांस्टेबल 2940 आकाश नेहरा, थाना उझानी।
* महिला कांस्टेबल 2377 तनु धामा, महिला हेल्प डेस्क।
थाना उझानी पुलिस की इस तत्परता और सराहनीय कार्यशैली से एक परिवार को बड़ी राहत मिली।

