दातागंज (बदायूं)
Trending

चक्की से आटा लेने गये युवक का तालाब में तैरता मिला शव,, परिजनों में मचा कोहराम

दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

तालाब में मिला 17 वर्षीय युवक का शव, गांव में मची सनसनी

चक्की से आटा लेने की बात कहकर घर से निकला था उमेश, रातभर तलाश करते रहे परिजन; सुबह तालाब में मिला शव

दातागंज संवाददाता हुकुम सिंह

जनपद बदायूं के दातागंज क्षेत्र के गांव नाथपुर अंगदराय में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास स्थित बड़े तालाब में 17 वर्षीय युवक का शव उतराता हुआ मिला। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को तालाब से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक की पहचान उमेश पुत्र रामनारायण के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उमेश मंगलवार शाम चक्की से आटा लेने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।

बुधवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित बड़े तालाब में युवक का शव उतराता देखा। इसकी सूचना तत्काल परिजनों और पुलिस को दी गई। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।

बताया जाता है कि उमेश 10 भाई-बहनों में सातवें नंबर पर था और अपने पिता के साथ खेती-किसानी के काम में हाथ बंटाता था। युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!