उरेना सहकारी समिति में डीएपी खाद की कालाबाजारी का आरोप, सरकारी गोदाम पर ताला और बाहर हो रही बिक्री पर उठे सवाल
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज (बदायूं)। दातागंज क्षेत्र की सहकारी साधन समिति उरेना में डीएपी खाद की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने समिति के सचिव और कुछ लोगों की कथित मिलीभगत से सरकारी खाद को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेचने का आरोप लगाया है। इस मामले से सहकारिता विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, समिति के सरकारी गोदाम पर ताला लटका रहता है, जबकि गोदाम के बाहर खाद की बिक्री किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि सचिव की गैरमौजूदगी में कुछ लोगों को गोदाम की चाबी सौंपकर खाद की बिक्री कराई जा रही है। किसानों का यह भी आरोप है कि उनसे सरकारी निर्धारित मूल्य से अधिक रुपये वसूले जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि खाद की बिक्री से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, वायरल वीडियो और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
एक ओर किसान डीएपी खाद के लिए परेशान होकर समितियों के चक्कर लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सरकारी खाद की बिक्री को लेकर इस तरह के आरोप गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सचिव की गैरमौजूदगी में गोदाम से खाद की बिक्री किसके आदेश पर हो रही है? क्या संबंधित अधिकारी इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे? किसानों को सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा?
