डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गुन्नौर का किया निरीक्षण, छात्राओं से शिक्षा एवं भोजन की गुणवत्ता के बारे में ली जानकारी!
सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट

सम्भल जिला की गुन्नौर में गुरुवार को डीएम अंकित खण्डेलवाल द्वारा तहसील गुन्नौर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में छात्राओं के नामांकन एवं उपस्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही कक्षा 6, 7 एवं 8 की छात्राओं से संवाद कर शिक्षा की गुणवत्ता एवं विद्यालय में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन के संबंध में जानकारी ली।जिलाधिकारी ने स्मार्ट क्लास का अवलोकन करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा को निर्देशित किया कि छात्राओं के ज्ञानवर्धन एवं शैक्षिक विकास के लिए स्मार्ट क्लास में नियमित रूप से क्विज, महापुरुषों की जीवनियों एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित गतिविधियों के लिए समय सारिणी के अनुसार स्लॉट निर्धारित किए जाएं, जिससे छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ सामान्य ज्ञान एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी लाभ मिल सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कंप्यूटर लैब एवं हॉस्टल के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। हॉस्टल के निकट स्थित पेड़ के संबंध में उन्होंने वन विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
(सम्भल से लल्ला सलमानी की रिपोर्ट)



