तेज आंधी बनी काल: ट्रांसफार्मर गिरने से झोपड़ी में बैठे दो मासूमों की मौत, गांव में मचा कोहराम
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
सम्वाददाता हुकुम सिंह
बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जमालपुर में रविवार शाम करीब 7 बजे आई तेज आंधी ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी के दौरान बिजली का ट्रांसफार्मर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में खेत पर बनी झोपड़ी में बैठे दो मासूम बच्चे आ गए। हादसे में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम के समय मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी। इसी दौरान खेत के पास लगा विद्युत ट्रांसफार्मर भरभराकर नीचे गिर पड़ा। पास की झोपड़ी में बैठे दो बच्चे इसकी चपेट में आ गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक दोनों बच्चों की जान जा चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही हजरतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
मासूम बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में लगे रहे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में जर्जर विद्युत उपकरणों की जांच और मरम्मत की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यह हादसा एक बार फिर बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है। गांव में शोक का माहौल है और पूरे क्षेत्र में घटना की चर्चा हो रही है।



