नगर में देर रात्रि हुआ दर्दनाक हादसा : डी पॉल स्कूल के पास दूध की गाड़ी की टक्कर से इको कार सवार महिला समेत दो की मौत, बच्चों सहित 10 घायल
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली – शुक्रवार देर रात्रि बिसौली क्षेत्र में बिल्सी रोड पर स्थित डी पॉल स्कूल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में इको कार सवार मुंशी पुत्र नेकसू तथा कंटूरी देवी पत्नी लीलाधर निवासी बेन गांव की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बच्चों सहित 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों और पुलिस राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, ग्राम बेन निवासी लोग सवारी से भरी इको कार से आसफपुर फकावली में जात कार्यक्रम में करने जा रहे थे। इसी दौरान डी पॉल स्कूल के पास तेज रफ्तार दूध की गाड़ी ने इको कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इको कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूध की गाड़ी का चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में फूल सिंह पुत्र बनवारी सिंह, सर्वेश पुत्र फूल सिंह, गौरव पुत्र फूल सिंह, संजू पुत्र मुंशीलाल, अखिलेश पुत्र फूल सिंह, शिवम पुत्र फूल सिंह, बॉबी पुत्र मुंशी, रोशनी पुत्री मुंशीलाल, अंशुमन पुत्र दुर्गेश तथा हेम सिंह पुत्र कोमल, निवासी ग्राम बेन घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बिसौली पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार दूध की गाड़ी और उसके चालक की तलाश जारी है। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।


