अलापुर
Trending

जमालपुर के नंदू सिंह फौजी बने प्रधान संगठन के म्याऊ ब्लॉक अध्यक्ष

दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट

 

संवाददाता हुकुम सिंह

 

दातागंज। तहसील दातागंज के विकास खंड म्याऊ अंतर्गत ग्राम पंचायत जमालपुर के प्रधान पति नंदू सिंह फौजी को सर्वसम्मति से प्रधान संगठन का ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया तथा उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं।

प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि नंदू सिंह फौजी लंबे समय से सामाजिक कार्यों और पंचायत स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में म्याऊ ब्लॉक के सभी ग्राम प्रधानों को एक मजबूत मंच मिलेगा और पंचायतों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।

नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष नंदू सिंह फौजी ने सभी प्रधानों एवं संगठन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सभी ग्राम प्रधानों का है। सभी को साथ लेकर पंचायतों के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा प्रधानों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, पेयजल, सड़क, सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। साथ ही प्रधानों के सामने आने वाली प्रशासनिक एवं विकास संबंधी कठिनाइयों के समाधान के लिए संगठन हमेशा सक्रिय रहेगा।

इस अवसर पर उपस्थित ग्राम प्रधानों और गणमान्य लोगों ने नंदू सिंह फौजी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रिय कार्यशैली से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!