कूलर में उतरे करंट से नवविवाहिता की मौत, तीन माह की मासूम बेटी के सिर से उठा मां का साया
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
दातागंज (बदायूं)। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव भगौतीपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में बिजली के करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में मातम पसरा है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सबसे मार्मिक बात यह है कि मृतका अपने पीछे तीन माह की मासूम बेटी को छोड़ गई है, जिसके सिर से मां का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, गांव भगौतीपुर निवासी नेमवती (22) पत्नी कमल अपनी बहन के गांव सिमरिया (थाना उझानी) जाने की तैयारी कर रही थीं। घर से निकलने से पहले वह कमरे में रखे कूलर के पास पहुंचीं और वहां रखी अपनी सैंडल उठाने लगीं। इसी दौरान कूलर में उतरे बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़ीं और उनकी हालत गंभीर हो गई।
चीख-पुकार सुनकर परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में नेमवती को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में मौजूद परिजन बिलख-बिलख कर रोने लगे।
परिजनों ने बताया कि नेमवती का विवाह लगभग दो वर्ष पूर्व कमल के साथ हुआ था। उनकी तीन माह की एक बेटी है। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में भी घटना की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ मृतका के घर पर जुट गई और सभी ने शोक संवेदना व्यक्त की। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण कूलर में बिजली का करंट उतरना बताया जा रहा है।
यह हादसा एक बार फिर बिजली के उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और समय-समय पर उनकी जांच कराने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। थोड़ी सी लापरवाही या तकनीकी खराबी भी जानलेवा साबित हो सकती है।


