
बिसौली-कोतवाली क्षेत्र के गांव गुरियारी निवासी 70 वर्षीय राधेश्याम का शव सोमवार देर रात रेलवे ट्रैक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार राधेश्याम सोमवार दोपहर भोजन करने के बाद घर से निकले थे। देर रात रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कमर पर बंधी बेल्ट तथा पास मिले पहचान पत्रों के आधार पर शव की पहचान राधेश्याम शर्मा के रूप में की।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक अपने पीछे दो पुत्र और तीन विवाहित बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।


