तीन दिन से लापता युवक का शव मक्का के खेत में मिला, जांच में जुटी पुलिस
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
फ़ेजगंज बैहटा – नरौरी-नरौरा गांव में तीन दिन से लापता युवक का शव मक्का के खेत में मिला, जांच में जुटी पुलिस
बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव नरौरी-नरौरा में सोमवार को मक्का के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक बीते तीन दिनों से लापता था। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गांव निवासी ऋषिकांत पुत्र दयाशंकर तीन दिन पहले घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार को ग्रामीण ने मक्का के खेत में ऋषिकांत का शव देखा और इसकी जानकारी ग्राम पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में फॉरेंसिक टीम, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बिसौली ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

