कायस्थ समाज ने मनाया ‘दिव्य ज्योति’ कार्यक्रम, लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट

वजीरगंज। बदायूं अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (ANUP) के आह्वान एवं प्रदेश अध्यक्ष विकास कुमार श्रीवास्तव ‘बाबा’ के निर्देश पर 2 अक्टूबर को पूर्व प्रधानमंत्री एवं कायस्थ रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जनपद बदायूं में ‘दिव्य ज्योति’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।सैदपुर, वजीरगंज, बिसौली, बगरैन सहित बदायूं नगर में कायस्थ समाज के लोगों ने अपने घरों और मोहल्लों में दीप प्रज्वलित कर लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान शास्त्री जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप जलाए गए। लोगों ने परिवार के साथ फोटो लेकर सोशल मीडिया पर ABKM के साथ पोस्ट भी किए।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शास्त्री जी के प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष करते हुए उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया।
जिला अध्यक्ष देवेश्वर दयाल सक्सेना सहित महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘दिव्य ज्योति’ अभियान का उद्देश्य महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को घर-घर तक पहुंचाना है। लाल बहादुर शास्त्री सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के प्रतीक थे। उनके जीवन से समाज को सदैव प्रेरणा मिलती रहेगी।कार्यक्रम में सैदपुर, वजीरगंज, बिसौली और बगरैन क्षेत्र से अरुण शेखर, कुलदीप सक्सेना, मिथुन सक्सेना, मनी सक्सेना, राजेश सक्सेना, तेजेश्वर दयाल सक्सेना, नंदी सक्सेना, अखिलेश श्रीवास्तव, विक्रांत सक्सेना, नीरज सक्सेना सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे।
