बदायूं
Trending

पशु चिकित्सा टीम के न पहुंचने पर डीएम ने जताई नाराजगी गौशाला में अभिलेख न मिलने पर सचिव का स्पष्टीकरण तलब

बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट

 

बदायूं:  जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को तहसील दातागंज के विकासखंड म्याऊं अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम हर्रामपुर का निरीक्षण किया। गांव का संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने तथा गांव में पानी भरा होने के कारण जिलाधिकारी नाव के माध्यम से गांव पहुंचे और बाढ़ की स्थिति का मौके पर जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें आश्वस्त किया कि किसी भी आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है और आवश्यकतानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित गांव में स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा टीमों द्वारा निरंतर निगरानी एवं आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि ग्रामीणों एवं पशुओं को किसी प्रकार की समस्या न हो।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि गांव में पशु चिकित्सा विभाग की टीम अभी तक नहीं पहुंची है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सीबीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विभागीय टीमें लगातार भ्रमण कर आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने ग्राम हर्रामपुर स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित सचिव का स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए चारा, पानी, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने तहसील दातागंज के ग्राम पत्रामई का भी निरीक्षण किया। यहां बंधे की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने पुल से गंगा नदी के जलस्तर एवं बहाव की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने पाया कि गांव के अंदर पानी नहीं है, हालांकि पानी गांव की सीमा को छूता हुआ बह रहा है तथा नदी का बहाव तेज है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहते हुए जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव सहित बाढ़खण्ड विभाग तथा अन्य सम्बंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

—-

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!