Uncategorized

सांसद ने की रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की मांग की है।

बदायूं/गुन्नौर। लोकसभा क्षेत्र बदायूं के माननीय सांसद श्री आदित्य यादव जी ने बबराला–अनूपशहर मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 58/बी पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को विस्तृत पत्र लिखकर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण की मांग की है।
माननीय सांसद जी ने पत्र के माध्यम से अवगत कराया है कि विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर के अंतर्गत आने वाला बबराला–अनूपशहर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख एवं अत्यधिक व्यस्त संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से बड़ी संख्या में आम नागरिक, विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और मरीज प्रतिदिन आवागमन करते हैं। मार्ग के दोनों ओर स्थित अनेक ग्रामों की रोजमर्रा की गतिविधियाँ—शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार—इसी मार्ग पर निर्भर हैं। इस रेलवे फाटक संख्या 58/बी से प्रतिदिन लगभग 25 से 30 सवारी गाड़ियाँ एवं मालगाड़ियाँ गुजरती हैं। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक लंबे समय तक बंद रहने से दोनों ओर कई-कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे यात्रियों को समय की भारी हानि, ईंधन की बर्बादी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को भी जाम में फंसना पड़ता है, जिससे आपातकालीन सेवाएँ प्रभावित होती हैं। माननीय सांसद जी ने अपने पत्र में यह भी रेखांकित किया कि अलीगढ़–बरेली के मध्य डबल लाइन रेलवे परियोजना का कार्य प्रगति पर है। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत इस रेल खंड पर ट्रेनों की संख्या में संभावित वृद्धि से फाटक पर जाम की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। ऐसे में भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए ROB का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
माननीय सांसद श्री आदित्य यादव ने रेल मंत्री से जनहित को प्राथमिकता देते हुए रेलवे फाटक संख्या 58/बी पर ROB निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में निर्बाध, सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुनिश्चित होगा, दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा गुन्नौर विधानसभा सहित आसपास के अनेक ग्रामों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!