पांच साल से कच्ची गली और जलभराव से जूझ रहे ग्रामीण, विकास कार्य न होने का आरोप
संवाददाता हुकुम सिंह
बदायूं। जनपद बदायूं के थाना अलापुर क्षेत्र के ग्राम कुपरी में ग्रामीणों ने गांव की एकमात्र कच्ची गली के निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि गली वर्षों से कच्ची पड़ी है, जिससे बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ की गंभीर समस्या हो जाती है। लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान नन्ही देवी और ग्राम पंचायत के सहायक सचिव धर्मेंद्र से गली के निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है कि “चार-पांच दिन में काम शुरू करा देंगे”, लेकिन पांच वर्षों से यही बात दोहराई जा रही है।
कुछ ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने कहा था कि इस गली के लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया था, इसलिए यहां विकास कार्य नहीं कराया गया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। कीचड़ और गंदे पानी से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। उनका आरोप है कि अब तक कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके का निरीक्षण करने भी नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गांव की गली का शीघ्र निरीक्षण कराकर पक्की सड़क और जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
