चोरी के शक में युवक को खंभे से बांधकर , गांव में दी ‘तालिबानी सजा,, वीडियो वायरल
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
कुंवरगांव- । जनपद बदायूँ के थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव दुगरैय्या में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। चोरी के महज शक में कुछ लोगों ने युवक को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा और खुद ही जज बनकर सजा सुना डाली। घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर आरोपियों को कानून और पुलिस का कितना भय रह गया है।
पीड़ित पक्ष के अनुसार गांव निवासी राजेश को आधा दर्जन लोगों ने पकड़ लिया, रस्सी से खंभे से बांध दिया और जमकर मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। हैरानी की बात यह है कि जिस चोरी के शक में युवक को निशाना बनाया गया, उस दौरान वह गांव से बाहर रहकर मजदूरी कर रहा था।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो में युवक खंभे से बंधा नजर आ रहा है, जबकि आरोपी बेखौफ होकर विडियो में दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों ने कानून को हाथ में लेकर यह संदेश देने की कोशिश की कि गांव में फैसला वही करेंगे।
पीड़ित की पुत्री अंजू ने थाना कुंवरगांव में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद लोगों में चर्चा है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे तत्वों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं।