करनपुर में 15 दिन से फुंका पड़ा 100 केवीए ट्रांसफार्मर, बिजली संकट से ग्रामीण परेशान
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली (बदायूं)। विकास खंड बिसौली के गांव करनपुर में पिछले लगभग 15 दिनों से 100 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने से गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। ग्रामीण सूरजपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने विभाग के टोल-फ्री नंबर 1912 पर भी शिकायत दर्ज कराई है, इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का आरोप है कि जून माह में कई बार ट्रांसफार्मर बदले गए, लेकिन हर बार मरम्मत किए हुए पुराने ट्रांसफार्मर ही लगाए गए, जो कुछ समय बाद फिर खराब हो गए। उनका कहना है कि यदि गांव में नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर लगाया जाए तो बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्या से राहत मिल सकती है और बिजली आपूर्ति भी सुचारु रहेगी।
बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य और किसानों की दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।



