बदायूँ: रामगंगा के तेज कटान से चकवा गांव पर मंडराया खतरा, ग्रामीणों में दहशत
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
हजरतपुर (बदायूँ)। रामगंगा नदी के लगातार हो रहे तेज कटान ने हजरतपुर क्षेत्र के चकवा गांव के ग्रामीणों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है। नदी का कटान लगातार गांव की ओर बढ़ रहा है और ग्रामीणों के मुताबिक अब गांव रामगंगा के कटान वाले स्थान से महज करीब 50 मीटर दूर रह गया है। ऐसे में ग्रामीणों को गांव और अपनी खेती की जमीन नदी में समाने का डर सताने लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर इसी तरह रामगंगा नदी का कटान लगातार जारी रहा तो आने वाले दिनों में चकवा गांव के साथ-साथ किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि भी कटान की चपेट में आ सकती है। नदी का रुख गांव की ओर होने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
कटान को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर बांस-बल्ली लगाकर अस्थायी इंतजाम किए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यह व्यवस्था नदी के तेज बहाव और लगातार हो रहे कटान के सामने पर्याप्त नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब प्रशासन और सरकार की ओर से मौके पर प्रभावी और ठोस बचाव कार्य कराया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से रामगंगा के कटान की तत्काल रोकथाम, प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कराने और गांव व किसानों की जमीन को सुरक्षित रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है और बड़ी मात्रा में कृषि भूमि के साथ गांव के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो सकता है।
