डीएनटी महासभा ने चलाया सदस्यता महाअभियान, सामाजिक न्याय और भाईचारे पर दिया जोर
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज/सैदपुर। डीएननटी महासभा ने चलाया सदस्यता महाअभियान, सामाजिक न्याय और भाईचारे पर दिया जोर लहरा लहाड़पुर में हुई बैठक, पदाधिकारियों ने संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प।
वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम लहरा लहाड़पुर में रविवार को डीएनटी महासभा की बैठक मंडल सचिव वेद प्रकाश शर्मा के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश संरक्षक एवं कार्यकारिणी सदस्य रंजीत कुमार वाल्मीकि तथा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. एनपीएस सैलानी का पदाधिकारियों और सदस्यों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। बैठक की अध्यक्षता बाबूराम शर्मा ने की, जबकि संचालन ब्लॉक अध्यक्ष वजीरगंज रामकुमार ने किया।
मुख्य अतिथि रंजीत कुमार वाल्मीकि ने कहा कि डीएनटी महासभा के सदस्यता महाअभियान के माध्यम से विमुक्त एवं घुमंतू जनजातियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके साथ होने वाले अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य सामाजिक बुराइयों को दूर कर सर्वसमाज में भाईचारा कायम करना है।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. एनपीएस सैलानी ने कहा कि गांव स्तर पर आपसी विवादों का समाधान सम्मानित लोगों की मौजूदगी में बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से घृणा करने के बजाय अपराध की प्रवृत्ति से दूर करने का प्रयास होना चाहिए और जरूरतमंद लोगों के पुनर्वास के लिए शासन की व्यवस्थाओं का लाभ उठाना चाहिए।
मंडल सचिव विकास शर्मा ने प्रत्येक सदस्य से पांच-पांच नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में राजवती, सुखपाल मौर्य, मुस्ताक अली, नन्हे यादव, भूपेंद्र सक्सेना, धर्मवीर सक्सेना, रामकुमार शर्मा, नेम सिंह मौर्य, मलखान शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों की शिकायतें भी सुनी गईं और कुछ समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि अन्य के समाधान का आश्वासन दिया गया।


