हज़रत मजाक मियां साहब के 136वें तीन रोज़ा सलाना उर्स 23 सितंबर से, तैयारियां ज़ोरो पर
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बदायूँ। शहर के नवादा रोड स्थित दरगाह कुत्बे औलिया हजरत मजाक मियां साहब रहमतुल्लाह अलैह का तीन रोजा सालाना उर्स हर साल की तरह इस साल भी 23 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक मनाया जायेगा। उर्स के लियें बड़े ही जोशोखरोश के साथ दरगाह पर तैयारियां की जा रहीं हैं। दरगाह परिसर में साफ सुथराई के साथ साथ रंगाई पुताई का कार्य भी बहुत तेजी के साथ कराया जा रहा है।
दरगाह के सज्जादानशीन हज़रत सय्यद मुहम्मद फजले अली शाह मज़ाकी ने उर्स की तफसील से जानकारी देते हुये बताया कि हज़रत मजाक मियां साहब के तीन रोजा 136 वें सालाना उर्स का 23 सितंबर को सुबह फजर की नमाज़ के बाद कुरआन ख्वानी की महफिल से आगाज किया जायेगा। उसके बाद उर्स के पहले दिन महफिले समा व चादर शरीफ हजरत मजाक मियां साहब के आस्ताने से उठेगी जो हजरत सय्यद हसन शेख शाही रोशन जमीर हजरत सुल्तान आरफीन बड़े सरकार की दरगाह में पेश होगी और उसके बाद दरगाह मजाक मियां साहब में महफिले लोबान, महफिले सलाम व महफिले दुआ के बाद महफिले मीलादे पाक व महफिले समा होगी जिसके बाद नातिया मुशायरे की महफिल सजेगी।
उर्स के दूसरे दिन 24 सितंबर को सुबह कुरआन ख्वानी की महफिल के बाद महफिले मीलाद, महफिले समा के बाद चादर शरीफ दरगाह के सज्जादानशीन के स्थित मकान मोहल्ला काजी टोला से उठेगी जो शहर में गश्त करती हुई दरगाह पहुंचकर अव्वल कुल शरीफ की रस्म अदायगी के बाद महफिले समा और लंगर का आयोजन होगा।
उर्स के तीसरे दिन की महफिल में सुबह 4:05 बजे दूसरे कुल शरीफ की रस्म अदायगी के बाद मीलादे पाक व महफिले समा का आयोजन के बाद तीसरे कुल शरीफ की रस्म दोपहर 12:40 बजे अदा की जाएगी। तबर्रुक तकसीम के साथ उर्स का समापन किया जायेगा।
सज्जादानशीन सय्यद फजले अली शाह मज़ाकी ने बताया उर्स में दूरदराज के अकीद्तमंदो व जायरीनों के लिए ठहरने व खाने पीने का इंतजाम दरगाह परिसर में ही किया जाता है। उर्स की तैयारियां बहुत तेजी से की जा रहीं हैं साथ ही दावत नामा भी भेजे जा रहे हैं।


