डीजे पर गाना बजाने को लेकर कांवड़ियों और ग्रामीणों में मारपीट, पुलिस ने संभाला मोर्चा
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव घिलौर में कांवड़ यात्रा के दौरान डी ।जे पर गाना बजाने को लेकर कांवड़ियों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित कर स्थिति को संभाला। पुलिस ने कांवड़ियों को समझा-बुझाकर वहां से रवाना किया।
बताया जा रहा है कि कांवड़ियों का जत्था डीजे के साथ गांव से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर एक ग्रामीण का साउंड ऑपरेटर से विवाद हो गया। आरोप है कि ग्रामीण ने साउंड ऑपरेटर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच ग्रामीण के अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। मामला बढ़ता देख कांवड़ियों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए कांवड़ियों ने भी ग्रामीण की पिटाई कर दी। मारपीट के कारण मौके पर काफी भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
बताया गया कि कांवड़ियों ने मारपीट के मुख्य आरोपी ग्रामीण को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इसके बाद पुलिस ने कांवड़ियों से बातचीत कर उन्हें समझाया और शांतिपूर्वक अपनी यात्रा जारी रखने के लिए रवाना किया।
पुलिस की तत्परता से मामला आगे बढ़ने से बच गया। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपी के खिलाफ तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
