बदायूँ : समूह का पैसा जमा करने के दबाव से परेशान युवक ने फांसी लगाकर दी जान
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। हतरा गांव में युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा। थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव हतरा में मंगलवार देर रात्री संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार समूह की रकम जमा करने को लेकर युवक काफी समय से परेशान था।
गांव हतरा निवासी छोटेलाल का 27 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र बुधवार सुबह घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे कुंडे से लटका मिला। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि समूह की रकम जमा करने को लेकर समूह से जुड़े लोग वीरेंद्र को आए दिन परेशान करते थे। इसी दबाव और परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।