नगर पंचायत सैदपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का भव्य शुभारंभ, विधायक आशुतोष मौर्य ‘राजू भैया’ ने बांटे आयुष्मान कार्ड
बिसौली से शिशुपाल सागर की रिपोर्ट
बिसौली/सैदपुर। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन (प्रशासनिक एवं राजनीतिक नेतृत्व) के सफल 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत परिसर सैदपुर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बिसौली विधानसभा के लोकप्रिय बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य “राजू भैया” ने फीता काटकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपस्थित देवतुल्य जनता और सम्मानित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक आशुतोष मौर्य ने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। सरकार अंत्योदय के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर समर्पित है।
उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान और आयुष्मान कार्ड का वितरण
कार्यक्रम के दौरान विधायक ‘राजू भैया’ द्वारा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर पंचायत के कर्मचारियों को फूलमाला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए, ताकि गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस विशेष अभियान में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत चेयरमैन इशरत अली, बगरैन मंडल अध्यक्ष रितेश चौहान, बिसौली मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, नगर कार्यवाह कृपा शंकर शर्मा, बगरैन मंडल महामंत्री राजीव सिंह और सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अकबर अली खान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा कार्यक्रम में भारी संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ता और देवतुल्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



