पशुधन एवं दुग्ध उत्पादन मंत्री धर्मपाल सिंह ने गौशाला का निरीक्षण किया
दातागंज से हुकुम सिंह की रिपोर्ट
संवाददाता हुकुम सिंह
बदायूं। म्याऊं ब्लॉक क्षेत्र के अभिगांव स्थित गौशाला में गौवंश की मौत और बदहाल व्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने गौशाला का निरीक्षण किया। मंत्री के पहुंचने से पहले अधिकारियों ने गौशाला में साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के लिए अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने गौशाला की व्यवस्थाओं, गौवंश के रखरखाव, चारा-पानी और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने मंत्री के सामने गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि गौवंश की मौत के बाद व्यवस्थाओं पर पर्दा डालने का प्रयास किया गया और मृत गौवंशों की संख्या के आंकड़ों को भी छिपाया गया। इसको लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का कहना है कि मंत्री के दौरे से पहले दो दिनों तक गौशाला में सफाई अभियान चलाया गया, जिससे पहले की स्थिति और बाद की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री के निरीक्षण के बाद अभिगांव गौशाला मामले में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के संकेत मिले हैं। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि गौवंश की मौत के मामले में किस स्तर पर लापरवाही हुई।