गहरे गड्ढों में तब्दील एमएफ हाईवे, हादसे का खतरा सोई से दिसौलीगंज तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, वाहन चालकों को रॉंग साइड चलने को मजबूर
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज । बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोई गांव से दिसौलीगंज तक सड़क की हालत कई स्थानों पर बेहद खराब है। गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को बचकर निकलने के लिए कई बार रोंग साइड का सहारा लेना पड़ता है, जिससे सड़क हादसे का खतरा बना हुआ है।
कस्बा सैदपुर में सैयद पीजी डिग्री कॉलेज,हिन्दुस्तान पेट्रोल पंम्प नदवारी गांव के पास सड़क की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। यहां सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ ही पैदल राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है।
स्थानीय राहगीरों का कहना है कि हाईवे पर लगातार बढ़ते गड्ढों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाने और मार्ग को गड्ढामुक्त कराने की मांग की है, ताकि हादसों की आशंका को कम किया जा सके।
