विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया
वजीरगंज से प्रदीप पाल की रिपोर्ट
वजीरगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम उरैना निवासी एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व चंद्रभान उर्फ अनूप पुत्र रामओतार निवासी थाना अंबाला, जिला बरेली के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार करीब छह लाख रुपये खर्च किए थे। दहेज में सोने की जंजीर, अंगूठी, पाजेब, डबल बेड, अलमारी, सोफा सेट, एलईडी, बर्तन व अन्य घरेलू सामान के साथ एक लाख रुपये नकद दिए गए थे।
आरोप है कि शादी के बाद पति चंद्रभान, जेठ सुनील और जेठानी किरन दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और दो लाख रुपये नकद तथा चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की जाती रही। आरोप है कि बीमार होने पर उसका इलाज भी नहीं कराया जाता था। इस दौरान उसके एक पुत्री आरोही का जन्म हुआ।पीड़िता का आरोप है कि 22 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जेठानी किरन ने उसके हाथ पकड़ लिए और पति व जेठ सुनील ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही गाली-गलौज करते हुए दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी गई। मारपीट में उसके शरीर पर गुम्ब चोटें आईं।पीड़िता के पिता ने ससुराल पक्ष से बातचीत कर पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष अपनी दहेज की मांग पर अड़ा रहा। परेशान होकर विवाहिता ने वजीरगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सी ओ बिसौली अंशुमान श्री वास्तव ने बताया की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जांच की जा रही है
