डीएवी स्कूल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को किया गया नमन,
बबराला से अनिरुद्ध भारद्वाज की रिपोर्ट

शिक्षक व विद्यार्थियों को दिलाई गई शपथ
बबराला डीएवी फर्टिलाइजर पब्लिक स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आनन्द स्वरूप सारस्वत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक सद्भाव, आपसी विश्वास और राष्ट्रीय एकता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को जाति, धर्म एवं भाषा के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवीय मूल्यों को अपनाना चाहिए। डीएवी की शिक्षा परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की पहचान केवल उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उनके चरित्र, नैतिकता, अनुशासन और व्यवहार से भी होती है। प्रत्येक विद्यार्थी को एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन लेखन गतिविधियों में प्रतिभाग किया। अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्होंने एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को सरदार पटेल के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी।
अनिरुद्ध भारद्वाज बबराला की रिपोर्ट



